कार की बैटरी कमजोर होने के ये हैं संकेत, समय रहते पहचानें और रास्ते में फंसने से बचें
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 03:31 PM (IST)
Automobile News: कई बार कार अचानक स्टार्ट नहीं होती या रास्ते में बंद हो जाती है। ऐसा होने का एक बड़ा कारण बैटरी का कमजोर होना भी हो सकता है। आमतौर पर किसी भी कार की बैटरी 3 से 5 साल तक अच्छी रहती है, लेकिन मौसम, ड्राइविंग की आदत और मेंटेनेंस पर इसकी लाइफ कम या ज्यादा हो सकती है। अक्सर बैटरी पूरी तरह खत्म होने से पहले ही कुछ संकेत देती है, जिन्हें पहचानकर समय रहते बदलाव किया जा सकता है।
बैटरी कमजोर होने के सामान्य संकेत:
- कार स्टार्ट होने में देरी: अगर पहले के मुकाबले कार स्टार्ट होने में ज्यादा समय लेती है या बटन दबाने/चाबी घुमाने पर तुरंत रिस्पॉन्स नहीं आता, तो बैटरी कमजोर होने की संभावना होती है। बार-बार जंप-स्टार्ट करना भी इसका संकेत है।
- डैशबोर्ड पर बैटरी आइकन: ड्राइविंग के दौरान इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में बैटरी का लाल आइकन दिखे, तो बैटरी या चार्जिंग सिस्टम में दिक्कत हो सकती है। इसे नजरअंदाज करना बड़ी समस्या पैदा कर सकता है।
- इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर असर: कमजोर बैटरी से हेडलाइट्स का हल्का होना, पावर विंडो का धीमा काम करना या स्क्रीन बार-बार बंद होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- बैटरी का आकार बदलना या गंध आना: अगर बैटरी फूली हुई लगे या उससे अजीब गंध आए, तो यह ओवरहीटिंग या केमिकल लीकेज का संकेत है। ऐसी स्थिति में तुरंत बैटरी बदलवाना चाहिए।
- टर्मिनल पर जंग या जमाव: बैटरी कनेक्शन पॉइंट्स पर सफेद या नीला जमा पदार्थ दिखे, तो करंट फ्लो प्रभावित होता है। बार-बार ऐसा दिखे तो बैटरी अपनी उम्र पूरी कर चुकी है।
