इमरान खान को 'शहंशाह' कह कर घिरे सिद्धू , भाजपा बोली- देश से माफी मांगे सोनिया गांधी

Sunday, Nov 10, 2019 - 05:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के विधायक नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान में आचरण और बयानबााजी को लेकर आज उनकी कड़ी आलोचना की। पार्टी नेशनल हैराल्ड अखबार में राम मंदिर पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से संबंधित टिप्पणी पर भी कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाताओं से कहा कि सिद्धू का पाकिस्तान की सराहना करना तथा इमरान का गुणगान करना और उसी समय भारत के बारे में खराब बोलना। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पार्टी में अपने करीबी नेता के व्यवहार के बारे में निर्णय लेना चाहिए।

पात्रा ने पूछा कि सिद्धू को 14 करोड़ की आबादी वाले सिख समुदाय के बारे में बोलने का अधिकार किसने दिया है। यह दावा करने का अधिकार कांग्रेस नेता को किसने दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक को यह शोभा नहीं देता कि वह इमरान खान को ‘बब्बर शेर' और ‘शहंशाह ' कह कर पुकारे। उन्होंने करतारपुर गलियारे को खोलने के पाकिस्तान के निर्णय को भारतीयों पर ‘अहसान' बताने की सिद्धू की टिप्पणी को हास्यास्पद करार दिया। उन्होंने कहा कि इसे ‘अहसान' कहना स्वीकार्य नहीं है और भाजपा सोनिया गांधी से इस पर माफी की मांग करती है।  

नेशनल हैरालड में अयोध्या मामले के फैसले पर आये लेख पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह निराशाजनक है कि इसमें पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट और भारत के उच्चतम न्यायालय के बीच समानता की बात कही गयी है। इस लेख का शीर्षक है ‘अयोध्या फैसले से हमें पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट की याद क्यों आती है। उन्होंने कहा कि इस तरह का लेख निंदनीय है। क्या इस लेख के जरिये कांग्रेस पार्टी यह कहना चाहती है कि उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के अनुकूल फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की न्यायिक प्रणाली जैसा पारदर्शी और लोकतांत्रिक न्याय तंत्र दुनिया में कहीं नहीं है।


 

vasudha

Advertising