सिद्धारमैया का आरोप- कांग्रेस विधायक आनंद सिंह को BJP ने बनाया बंधक

Friday, May 18, 2018 - 04:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस में किसी तरह की टूट की बात को खारिज करते हुए आज कहा कि कल विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले उनके सभी विधायक साथ हैं। सिद्धारमैया ने शक्ति परीक्षण पर उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए इसे ‘‘ ऐतिहासिक ’’ बताया। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने कांग्रेस विधायक आनंद सिंह को बंधक बनाकर रखा हुआ है।

 
सिद्धरमैया ने किया जीत का दावा 
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के पास 104 से ऊपर एक सीट भी नहीं है क्योंकि दो निर्दलीय विधायक भी हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस (78), जद-एस (37) और दो निर्दलीय ( निर्दलीय + केपीजेपी ) और बसपा 1, कुल 118। चूंकि कुमारस्वामी दो सीटों से जीते हैं यह 117 होता है। हम सभी एक साथ हैं, हमारे बीच एक सहमति है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस वास्तविकता के बावजूद राज्यपाल ने उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 15 दिन का समय दिया। कोई इससे क्या निष्कर्ष निकाल सकता है ?


मोदी और शाह को बताया हिटलर
सिद्धारमैया ने कहा कि राज्यपाल ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह के निर्देशों का पालन किया है। यदि उन्होंने संविधान का पालन किया होता, उन्होंने ऐसा निर्णय नहीं किया होता। पूर्व सीएम ने प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दोनों देश में हिटलर की तरह बर्ताव कर रहे हैं। वे संविधान और लोकतंत्र का कोई सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। यह संविधान का स्पष्ट उल्लंघन है। पूर्व में कभी भी किसी मुख्यमंत्री को बहुमत साबित करने के लिए 15 दिन का समय नहीं दिया गया।

 

vasudha

Advertising