हनुमनथप्पा के निधन पर बोले PM मोदी...

Thursday, Feb 11, 2016 - 03:49 PM (IST)

नई दिल्ली: लांस नायक हनुमनथप्पा कोप्पड़ की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शोक प्रकट करते हुए कहा कि हनुमनथप्पा हमें ‘‘उदास और व्यथित’’ छोड़ गए हैं। सियाचिन हिमनद में आए हिमस्खलन में बर्फ की मोटी परत के नीचे दबे हनुमनथप्पा को छह दिन बाद जीवित बाहर निकाला गया था।  मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘वह हमें उदास और व्यथित छोड़ गए हैं। लांस नायक हनुमनथप्पा की आत्मा को शांति मिले। आपके अंदर जो सैनिक था वह अमर है। हमें गर्व है कि आप जैसे शहीदों ने भारत की सेवा की।’’ 
 
सियाचिन हिमनद में 19,000 फुट की उंचाई पर तीन फरवरी को हुए हिमस्खलन के बाद कई टन बर्फ के नीचे दबे होने के बावजूद चमत्कारिक रूप से जीवित बाहर निकाले गए सैनिक की आज मृत्यु हो गई।  19 बटालियन के मद्रास रेजिमेंट के 33 वर्षीय सैनिक अपने पीछे पत्नी महादेवी अशोक बिलेबल और दो वर्षीय बेटी नेत्रा कोप्पड़ को छोड़ गए हैं।  कर्नाटक के धरवाड़ जिला में बेतादुर गांव के रहने वाले हनुमनथप्पा 13 साल पहले सेना में शामिल हुए थे।  आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती हनुमनथप्पा की हालत कल बिगड़ गई थी। 
 
सोनिया और राहुल गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हनुमनथप्पा की मृत्यु पर गहरा सदमा और दुख जाहिर किया है।  उन्होंने कहा, ‘‘अपने जीवन काल में भारत के इस वीर सपूत ने पूरे देश की जनता को एकजुट कर दिया। पूरे देश ने उनकी सलामती के लिए दुआएं मांगी और आज हर नागरिक उनके लिए दुखी है।’’  हनुमनथप्पा के परिवार और उनके परिजन को भेजे अपने शोक संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उन्होंने अपने आखिरी समय तक लड़ते हुए साहस, बहादुरी और निष्ठा दिखाया जो हमारी सेना की विशिष्ट पहचान है।’’  वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर दुख जताया। राहुल ने कहा, ''हनुमनथप्पा वीरता और साहस की मिसाल हैं।
 
 
अखिलेश ने व्यक्त किया शोक 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लांस नायक हनुमंतप्पा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। अपने एक शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हनुमंतप्पा की बहादुरी की जितनी भी तारीफ की जाए, कम है। उन्होंने अपने साहस से यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि विषम परिस्थितियों में भी भारतीय सेना का जवान देश के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है। हनुमनथप्पा ने भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का काम किया है।   
 
हनुमनथप्पा ने देश लिए सर्वोच्च बलिदान दिया: ममता
वहीं, ममता बैनर्जी ने ट्वीट करके लांस नायक के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ''बहादुर जवान ने देश लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हें और उनके साथियों को सलाम। राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर दुख जताया। राहुल ने कहा, ''हनुमनथप्पा वीरता और साहस की मिसाल हैं।
Advertising