अमरनाथ यात्रा : बाबा बर्फानी के दर्शन करने वालों का आंकड़ा 1.50 लाख से पार

Saturday, Jul 13, 2019 - 10:41 AM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)

श्रीनगर/जम्मू (कमल/एजैंसी) : अमरनाथ यात्रा के 12वें दिन बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले शिव भक्तों का आंकड़ा 1.50 लाख से पार हो गया है। अब तक आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 1,57,062 हो चुकी है। शुक्रवार को लगभग 13,004 शिव भक्त बालटाल और पारम्परिक पहलगाम-चंदनवाड़ी मार्ग से होते हुए बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पहुंचे। ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के बीच शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है। 

वहीं यात्रा के लिए शुक्रवार को 5,395 श्रद्धालुओं का 12वां जत्था यहां आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि जत्थे में 4,129 पुरुष, 1,115 महिलाएं, 29 बच्चे और 122 साधु शामिल हैं, जो 207 वाहनों पर कश्मीर के पहलगाम और बालटाल आधार शिविर रवाना हुए। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में 36 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग से 3,429 श्रद्धालु और गंदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से 1,966 श्रद्धालु आगे की यात्रा करेंगे।

वहीं अमरनाथ गुफा की यात्रा के दौरान गुजरात और झारखंड के 2 तीर्थयात्रियों का निधन हो गया।  यात्रा अधिकारी ने बताया कि गुजरात के निवासी श्रीकांत दोशी (63) की पारंपरिक पहलगाम मार्ग पर शेषनाग में मौत हो गई। उनकी मौत के कारण का अभी तक पता नहीं चला है। वहीं पवित्र गुफा के पास झारखंड निवासी शशि भूषण कुमार (55) की रात में सोते समय मृत्यु हो गई।

Niyati Bhandari

Advertising