LPG Cylinder की किल्लत से न हों परेशान! घर लाएं नॉब वाला इंडक्शन चूल्हा, जानें इसके फायदे

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:50 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इस संकट की वजह से दुनिया भर में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर LPG यानी लिक्विड पेट्रोलियम गैस पर पड़ा है। कई जगहों पर गैस सिलेंडर की कमी देखने को मिल रही है और गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। हालात को देखते हुए सरकार ने आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए ESMA लागू कर दिया है, जिससे गैस की सप्लाई को नियंत्रित किया जा सके।

बिना कनेक्शन वालों पर सबसे ज्यादा असर
इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा है, जो बिना आधिकारिक कनेक्शन के गैस सिलेंडर का उपयोग करते थे। ऐसे लोगों के सामने खाना बनाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। गैस की कमी के चलते उन्हें रोजमर्रा के कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इंडक्शन कुकटॉप की बढ़ी मांग
गैस की कमी के बीच अब बाजार में इंडक्शन कुकटॉप की मांग तेजी से बढ़ रही है। यह गैस का एक आसान और सुरक्षित विकल्प बनकर सामने आया है, जिसे लोग तेजी से अपना रहे हैं।

नॉब वाले इंडक्शन बने पहली पसंद
बाजार में इन दिनों नॉब वाले इंडक्शन कुकटॉप काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इनका डिजाइन पारंपरिक गैस चूल्हे जैसा होता है, जिसमें तापमान को नियंत्रित करने के लिए नॉब दिया जाता है। यही वजह है कि इसे इस्तेमाल करना आसान होता है और नए यूजर्स को इसे अपनाने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती।

आसान इस्तेमाल और बेहतर कंट्रोल
नॉब वाले इंडक्शन की खासियत यह है कि इसमें बार-बार बटन दबाने की जरूरत नहीं होती। उदाहरण के तौर पर, अगर आपने दूध चढ़ाया है तो उबाल आने पर आप तुरंत नॉब घुमाकर आंच कम कर सकते हैं। वहीं टच कंट्रोल वाले इंडक्शन में तापमान बदलने के लिए बार-बार बटन दबाना पड़ता है, जिससे समय भी ज्यादा लगता है और हीट कंट्रोल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।

कीमत में ज्यादा अंतर नहीं
कीमत के मामले में भी नॉब वाले इंडक्शन ज्यादा महंगे नहीं हैं। आम तौर पर इनकी कीमत सामान्य इंडक्शन कुकटॉप से केवल 10 से 15 प्रतिशत तक ही अधिक होती है। कई ब्रांड्स ऐसे भी हैं, जो लगभग समान कीमत पर दोनों विकल्प उपलब्ध करा रहे हैं।

ग्रिल स्टैंड से मिलते हैं अतिरिक्त फायदे
कुछ कंपनियां नॉब वाले इंडक्शन के साथ ग्रिल स्टैंड भी देती हैं। इसकी मदद से रोटी सेकने या ग्रिल करने जैसे काम भी आसानी से किए जा सकते हैं, जिससे यह और भी उपयोगी बन जाता है।

आसान और किफायती विकल्प के रूप में उभरा इंडक्शन
कुल मिलाकर, LPG की कमी के बीच नॉब वाले इंडक्शन कुकटॉप लोगों के लिए एक सुविधाजनक और किफायती विकल्प बनकर सामने आ रहे हैं। यह न केवल इस्तेमाल में आसान हैं, बल्कि रोजमर्रा के खाना बनाने के काम को बिना रुकावट जारी रखने में भी मदद कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News