अरुणाचल प्रदेश में भी कांग्रेस को झटका, लोम्बो तायेंग ने थामा BJP का दामन

Monday, Mar 04, 2024 - 10:41 PM (IST)

नेशनल डेस्कः अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता लोम्बो तायेंग राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले 4 मार्च को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं। पूर्वी सियांग जिले के मेबो से छह बार के विधायक तायेंग के साथ, तिरप जिले के खोंसा पश्चिम के निर्दलीय विधायक चकत अबो भी ईटानगर में पार्टी के राज्य मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। पिछले हफ्ते, अन्य दो कांग्रेस विधायक, निनॉन्ग एरिंग और वांगलिन लोवांगडोंग, दो एनपीपी विधायकों - मुत्चू मिथी और गोकर बसर के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होते हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बियुराम वाहगे ने दोनों विधायकों का पार्टी में स्वागत किया है। तायेंग पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री थे। दोनों विधायक मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताते हुए भाजपा में शामिल हो गए। दो विधायकों के शामिल होने के साथ सत्तारूढ़ भाजपा की संख्या बढ़कर 55 हो गई। एनपीपी के दो विधायक हैं और एक कांग्रेस सदस्य के अलावा दो निर्दलीय विधायक हैं। 

बता दें लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में भी कांग्रेस को झटके पर झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सीनियर नेता अर्जुन मोढवाडिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वो पोरबंदर से विधायक हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। इससे पहले गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अंबरीश डेर पार्टी छोड़ दी। सोमवार (4 फरवरी) को मोढवाडिया ने अपना इस्तीफा पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया।

Pardeep

Advertising