'कोश्यारी ने महाराष्ट्र में बहुत कुछ देखा है पर अभी तक कोल्हापुरी चप्पल नहीं देखी'

Saturday, Jul 30, 2022 - 04:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का गुजरातियों और राजस्थानियों पर दिया बयान तूल पकड़ता जा रहा है। दरअसल, अब महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी  पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने महाराष्ट्र में बहुत कुछ देखा है पर अभी तक कोल्हापुरी चप्पल नहीं देखी. जिस कुर्सी पर ये बैठै हैं उन्होंने इसका अपमान किया है. इसके साथ ही इन्होंने मराठियों का भी अपमान किया है।

उद्धव ठाकरे ने शनिवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुंबई के संबंध में की गई अपनी टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब यह तय करने का समय आ गया है कि उन्हें घर वापस भेजा जाये या जेल भेजा जाये। ठाकरे ने राज्यपाल पर मुंबई और ठाणे में ‘‘शांति से रह रहे हिंदुओं का ध्रुवीकरण'' करने का भी आरोप लगाया। 

कोश्यारी ने शुक्रवार शाम यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि मुंबई में यदि गुजराती और राजस्थानी लोग नहीं रहेंगे तो यहां पैसा बचेगा ही नहीं और यह देश की आर्थिक राजधानी नहीं रहेगी। इस टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद राज्यपाल ने शनिवार को कहा कि उनकी टिप्पणियों को गलत समझा गया है। उन्होंने कहा कि उनका ‘‘मराठी भाषी लोगों की कड़ी मेहनत को कमतर करने का कोई इरादा नहीं था।'' 

अपने आवास ‘मातोश्री' में यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि मराठी लोगों के खिलाफ राज्यपाल के मन में जो नफरत है, वह अनजाने में सामने आ गई है। उन्होंने मांग की कि राज्यपाल मराठी लोगों से माफी मांगें। ठाकरे ने आरोप लगाया कि अब समय आ गया है कि कोश्यारी को घर वापस भेजा जाए या फिर जेल... पिछले तीन साल में उन्होंने महाराष्ट्र में रहकर मराठी भाषी लोगों का अपमान किया है। अब इन टिप्पणियों से उन्होंने राज्यपाल के पद का अपमान किया है।'' 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह कोविड ​​-19 महामारी से लड़ रहे थे और लोग मर रहे थे, राज्यपाल चाहते थे कि धार्मिक स्थलों को फिर से खोल दिया जाए। ठाकरे ने आरोप लगाया कि कोश्यारी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए राज्यपाल के कोटे से 12 नामों को मंजूरी नहीं दी। उन्होंने समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणी की थी।

वहीं उद्धव से पहले MNS प्रमुख राज ठाकरे ने भी राज्यपाल के बयान को लेकर कड़ा विरोध करते हुए कहा कि मराठी आदमी को मूर्ख मत बनाओ! राज ठाकरे ने राज्यपाल को सलाह दी है कि अगर महाराष्ट्र के इतिहास के बारे में नहीं जानते हैं तो बात न करें।

 

Anu Malhotra

Advertising