शिवराज का राहुल पर तंज, ये तो ठहरे परदेसी, साथ क्या निभाएंगे, काम तो मामा ही आएंगे

Friday, Nov 23, 2018 - 10:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस समय सियासी पारा बढ़ा हुआ है। इस चुनावी माहौल में शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी पर तंज कसा। शिवराज ने सतना की एक रैली को संबोधित करते हुए शायराना अंदाज में कहा, राहुल गांधी 18 नवंबर के बाद कहां रहेंगे? वह देश में कम रहते हैं, विदेश में ज्यादा। ये तो ठहरे परदेसी, साथ क्या निभाएंगे। काम तो मामा ही आएंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर 28 नवंबर को मतदान होना है और 11 दिसंबर को मतगणना होगी। 



वहीं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने भी मध्य प्रदेश के बाला घाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल बाबा, किसान-किसान करते हैं, क्या राहुल बाबा ने कभी 2 बैल भी जोते है? शाह ने कहा कांग्रेस की सरकार में किसानों को यूरिया के लिए लाठियां खानी पड़ती थीं। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश चुनाओं में राहुल गांधी किसानों, रोजगार, भ्रष्टाचार और शिवराज सरकार की खामियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी का पलटवार करते हुए शिवराज और अमित शाह ने राहुल पर तंज कसा है।



बता दें कि विदिशा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी पार्टी यह चुनाव जीत रही है और किसानों का कर्ज 10 दिन में माफ कर दिया जाएगा। कांग्रेस के पास मध्य प्रदेश के किसानों के लिए खुशखबरी है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी बीजेपी शासित राज्य में जीत हासिल कर रही है और हम सत्ता में आने के 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। पांच चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में बेरोजगारी और किसानों की समस्या मुख्य मुद्दा है।


बता दें कि शिवराज सिंह चौहान बीजेपी को लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी कराना चाहते हैं। जबकि कांग्रेस को उम्मीद है कि उसे इस बार सत्ता विरोधी लहर का लाभ मिलेगा। इसकी वजह से बीजेपी और कांग्रेस ने इस बार चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झौंक दी है। 

Yaspal

Advertising