शिवराज गरीबों को सिखा रहे हैं 'बेईमानी' : कांग्रेस

Monday, Dec 05, 2016 - 01:07 PM (IST)

भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरूण यादव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर गरीबों को बेईमानी के गुर सिखाने का आरोप लगाया है। यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि राजधानी के जंबूरी मैदान में आयोजित जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में चौहान ने गरीबों को मंच से यह संदेश दिया कि काला धन रखने वालों ने अपना धन सफेद करने के लिए उनके (गरीबों) कंधे यानी जन-धन के खातों का उपयोग किया है, उसमें जमा कराई गई समूची राशि गरीब बेखौफ हड़प जाएं।

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री, केंद्र की सरकार और बीजेपी नोटबंदी के फैसले को देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति की शुरुआत करार दे रही है। प्रधानमंत्री जब लोगों को बेईमानी से बचने, भ्रष्टाचार नहीं करने का पाठ पढ़ा रहे हैं, तब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जनधन खातों में जमा कराई समूची राशि बेखौफ हड़पने की शिक्षा दे रहे हैं।

यादव ने कहा कि कालाधन रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और ऐसे लोगों को जेल में डालने का कांग्रेस स्वागत करती है लेकिन सीधे-साधे गरीब को काला धन हड़प जाने की सलाह देकर बेईमानी सिखाने की मुख्यमंत्री चौहान की अपील बेहद शर्मनाक है। यादव ने गरीबों से अपील की कि 15 लाख रुपए हर गरीब के खाते में जमा करने का झूठा वायदा करने वाले नरेंद्र मोदी और भाजपा के चुनावी हथकंडे को भूलकर वे बेईमानी का रास्ता कतई न अपनाएं।

Advertising