फडणवीस ने किया भाजपा-शिवसेना सरकार बनाने का दावा, ठाकरे ने याद दिलाया वादा

Thursday, Oct 24, 2019 - 06:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने वीरवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने पर कहा कि भाजपा ने 2014 की तुलना में कम सीटें जीती हैं लेकिन इस बार उसका स्ट्राइक रेट बेहतर है। फड़णवीस ने भाजपा नीत राजग को स्पष्ट और निर्णायक जनादेश देने को लेकर महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और शिवसेना सत्ता की साझेदारी के बारे में अपने बीच हुए पूर्व के निर्णय के अनुसार आगे बढ़ेगी। 

फड़णवीस ने उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि भाजपा के कुछ नेताओं की बगावत के चलते पार्टी को विधानसभा चुनाव में नुकसान का सामना करना पड़ा लेकिन इनमें से 15 उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि मैं महायुति(महागठबंधन) को स्पष्ट जनादेश देने के लिये महाराष्ट्र के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।‘यह समय खुशी मनाने का है ना कि विश्लेषण करने का लेकिन जब हम नतीजों को देखते हैं तो भाजपा ने 2014 में 260 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 122 पर जीत दर्ज की थी। इस बार हम 164 सीटों पर चुनाव लड़े और 105 सीटों आने की संभावना है। हमारा ‘स्ट्राइक रेट' बेहतर है, हमनें 70 प्रतिशत सीटें जीती हैं।

वहीं महाराष्ट्र में सरकार गठन के दौरान अपने सहयोगी दल भाजपा के साथ कड़ा मोलभाव करने के संकेत देते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह वक्त सत्ता बंटवारे के लिए ‘‘50:50'' फॉर्मूले को लागू करने का है।  उन्होंने कहा कि यह वक्त भाजपा को उस फॉर्मूले की याद दिलाने का है जिस पर हम तब राजी हुए थे जब भाजपा प्रमुख अमित शाह मेरे घर आए थे...हम गठबंधन के लिए 50:50 फॉर्मूले पर पहुंचे थे। हम भाजपा के मुकाबले कम सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमत हुए लेकिन हर बार भाजपा के लिए गुंजाइश नहीं बनायी जा सकती। मेरी पार्टी को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

शिवसेना प्रमुख ने कहा कि वह अपनी पार्टी और भाजपा नेताओं के साथ नतीजों पर चर्चा करेंगे तथा गठबंधन के अगली सरकार बनाने के लिए दावा पेश करने से पहले शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सत्ता बंटवारे के फॉर्मूले पर पहुंचेंगे। जनादेश को ‘‘कई लोगों की आंखे खोलने वाला'' बताते हुए ठाकरे ने कहा कि राज्य के लोगों ने लोकतंत्र को जिंदा रखा। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस-राकांपा के चुनावों में उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अब कोई भी ईवीएम पर सवाल नहीं उठाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जमीन पर पांव रखने की जरूरत है वरना लोग उन्हें उनकी जगह दिखा देते हैं।

vasudha

Advertising