शिवसेना ने यौन शोषण के आरोपों को लेकर अकबर को पद से हटाने की मांग की

punjabkesari.in Thursday, Oct 11, 2018 - 10:31 PM (IST)

मुंबई: भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने कई महिला पत्रकारों द्वारा यौन शोषण के आरोप लगाने के बाद केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर को पद से हटाने की मांग की। शिवसेना ने गुरुवार को यह भी कहा कि अकबर के खिलाफ लगे आरोपों की गहराई से जांच की जानी चाहिए। शिवसेना की प्रवक्ता मनीषा कयांदे ने कहा, ‘जहां तक मुझे पता है, पांच से छह महिला पेशेवरों ने एम जे अकबर के हाथों यौन उत्पीडऩ का शिकार होने की खुलकर बात की है। घटनाओं के ब्यौरे चिंताजनक और गंभीर हैं। इसलिए मैं उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग करती हूं।’ 

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार बार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की बातें करते हैं। इसलिए अपनी छवि बनाए रखने के लिए मोदी को अकबर को उनके पद से हटा देना चाहिए।’ शिवसेना की विधान पार्षद ने कहा, ‘उनके खिलाफ लगे आरोपों की उचित जांच की जाए। अगर वह पाक-साफ साबित होते हैं तो उन्हें दोबारा कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।’ 

उन्होंने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अपना काम सही से नहीं कर रहा है। कयांदे ने कहा, ‘आयोग की प्रमुख भाजपा की पुरानी सदस्य हैं। वह (विजया राहतकर) केवल नोटिस जारी करती हैं और चुनिंदा रूप से क्लीन चिट देती हैं। वह निश्चित रूप से अपने न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल नहीं करतीं।’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News