महाराष्ट्र में भाजपा को शिवसेना रोज लगाती है चपाट: संजय राउत

Sunday, Oct 15, 2017 - 05:05 PM (IST)

मुंबई: पंजाब के गुरदासपुर उप चुनाव के आए नतीजों से भाजपा को जोरदार झटका लगा है। भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण सिंह सलारिया को कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने करीब 2 लाख वोटों से हरा दिया। भारी अंतर से भाजापा प्रत्याशी की हार के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि यह जीत भाजपा के लिए थप्पड़ है। वहीं भाजपा की सहयोगी शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि हम तो रोज भाजपा को चमाट मारते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी आज के राजनीतिक माहौल में महाराष्ट्र में कभी भी सत्ता परिवर्तन कर सकती है। 

शिवसेना अकेले करेगी सत्ता स्थापित 
पार्टियों का नाम लिए बगैर राउत ने कहा कि शिवसेना के सामने यह हाल ही में बनी हुई पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि अगर अब चुनाव हों तो शिवसेना को बहुमत मिलेगा और अकेले दम पर वह सत्ता स्थापित करेगी। राउत ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार में होते हुए भी शिवसेना रोज  भाजपा को उल्टे हाथ की चमाट लगाती रहती है, उठते-बैठते हर घड़ीं, हाथों से और लातों से उनकी गलत नीतियों की पिटाई करते रहते हैं और यह सिर्फ किसानों के हित के लिए ही किया जा रहा है। हाल ही में नांदेड़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की करारी हार पर खुशी जाहिर करते हुए राउत ने कहा कि नांदेड़ की हार का कारण सरकार की हुकूमशाही के साथ-साथ उनकी असफल आर्थिक नीतियां हैं जो जनता पर थोपी गई।

Advertising