शिवसेना को साथ लाए भाजपा, आरपीआई राजग में बनी रहेगी : अठावले

Thursday, Feb 08, 2018 - 04:46 PM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी। साथ ही पार्टी ने जोर दिया कि भाजपा को महाराष्ट्र में सहयोगी पार्टी शिवसेना को साथ लाने का पूरा प्रयास करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आरपीआई ए) के प्रमुख रामदास अठावले ने कहा, ‘‘शिवसेना 25-30 वर्षो से भाजपा की सहयोगी पार्टी रही है। ऐसे में भाजपा आलाकमान को चाहिए कि वे शिवसेना को साथ लाने का पूरा प्रयास करें। साल 2019 के चुनाव में अगर भाजपा और शिवसेना अलग अलग चुनाव लड़ेंगी तब इससे दोनों दलों और खासतौर पर गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ सकता हैं।’’

उन्होंने कहा कि ऐसे में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत शीर्ष नेतृत्व को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से बात करनी चाहिए। अठावले ने कहा कि वह स्वयं गठबंधन को कायम रखने के संबंध में शिवसेना से बात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया, ‘‘हमारी पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन जारी रहेगा।’’ आरपीआई प्रमुख ने बताया कि कल भाजपा के संगठन मंत्री रामलाल से उनकी महाराष्ट्र के मुद्दे पर करीब एक घंटे तक बात हुई। चर्चा के दौरान भाजपा और शिवसेना के बीच मतभेद के विषय और उन्हें सुलझाने के उपायों पर चर्चा हुई। अठावले ने कहा कि वह इस मुद्दे पर महाराष्ठ्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस से भी बात करेंगे।

उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के समय 2014 का माहौल नहीं रहेगा लेकिन नरेंद्र मोदी की लहर कायम रहेगी । ऐसा इसलिए है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भी आम लोगों, गरीबों की पसंद हैं और लोकप्रिय हैं। दूसरी ओर दलितों में कांग्रेस को लेकर न केवल नाराजगी है बल्कि यह बढ़ी भी है। आरपीआई नेता ने कहा कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव समेत अन्य चुनाव से यह स्पष्ट होता है। मायावती के नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी का ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है, वह लोगों से कट गई हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका व्यवहार ठीक नहीं है। अठावले ने दावा किया, ‘‘ साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग की सरकार बनेगी और मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री होंगे। ’’

Advertising