द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी शिरोमणि अकाली दल, नड्डा ने फोन कर सुखबीर बादल से मांगा था समर्थन

Friday, Jul 01, 2022 - 06:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति चुनाव में शिरोमणि अकाली दल ने एनडीए (NDA) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने मुर्मू के समर्थन के लिए शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से संपर्क किया था, जिसके एक दिन बाद पार्टी ने यह फैसला किया। शिअद ने कृषि कानूनों को लेकर भाजपा से नाता तोड़ लिया था, जिन्हें वापस लिया जा चुका है। 

हम मुर्मूजी का समर्थन करेंगे- बादल
बादल ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ''हमने सर्वसम्मति से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है।'' कृषि कानूनों और सिख कैदियों की रिहाई के मुद्दों का हवाला देते हुए बादल ने कहा कि उनकी पार्टी के ''भाजपा के साथ कई मतभेद'' हैं, लेकिन शिअद ने हमेशा समाज के गरीब व कमजोर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, ''यह मुद्दा एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली महिला का है और उन्हें राष्ट्रपति बनने का मौका मिल रहा है।'' बादल ने कहा, ''अपने राजनीतिक मतभेदों को अलग रखते हुए, हमने सही रास्ता चुनने का फैसला किया है। शिअद का इतिहास बताता है कि उसने हमेशा गरीबों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्ग के लिए लड़ाई लड़ी। लगभग तीन घंटे तक (कोर कमेटी की बैठक में) विचार करने के बाद हमने सर्वसम्मति से फैसला किया कि हम मुर्मूजी का समर्थन करेंगे।''

नड्डा ने मुर्मू को लेकर सुखबीर बादल को फोन कर मांगा था समर्थन
बीजेपी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल से बात की और राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन मांगा था। फोन पर हुई इस बातचीत के दौरान बादल ने नड्डा को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया लेकिन उन्होंने कहा कि अकाली दल के नेताओं से चर्चा करने के बाद उन्हें अपनी राय से अवगत करा देंगे की बात कही थी। अब अकाली दल राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू का समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। 



 

rajesh kumar

Advertising