शेर सिंह राणा बंधे एक और बंधन में, दहेज में चांदी का सिक्का लेकर रचाई शादी

Wednesday, Feb 21, 2018 - 11:20 AM (IST)

रुड़की: सपा सांसद और दस्यु सुंदरी फूलन देवी की हत्या में मुख्य आरोपी रुड़की निवासी शेर सिंह राणा ने मंगलवार को रुड़की में मध्यप्रदेश के भरतपुर के एक राजनीतिक परिवार की बेटी से शादी कर ली। वर्ष 2013 में दिल्ली की विशेष अदालत ने पूर्व सांसद फूलन देवी की हत्या का दोषी पाते हुए राणा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पिछले साल राणा को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी और तब से वह रुड़की में ही है। 

40 वर्षीय राणा की मंगलवार को मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के राजनीतिक परिवार की बेटी प्रतिमा के साथ सादगीपूर्ण माहौल में शादी संपन्न हो गई है। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित शेर सिंह राणा के परिवार के अतिरिक्त वधु पक्ष के परिजनों के साथ ही कुछ रिश्तेदार शामिल हुए। राणा ने बताया कि उनका ससुराल पक्ष मध्यप्रदेश में सूर्यांचल गढ़ी के नाम से प्रसिद्ध है। दहेज में कन्या पक्ष ने 31 लाख नगद, लगभग 10 करोड़ के खनन ठेकों के दस्तावेज और कुछ सोने के गिफ्ट दिए थे, जो शेर सिंह राणा ने लौटा दिए हैं। 

राणा ने बताया कि वह समाज को दहेज के खिलाफ आने की प्रेरणा दे रहे हैं, ऐसे में वह दहेज नहीं ले सकते। उन्होंने वादा किया था कि वह दहेज के नाम पर सिर्फ एक सिक्का लेंगे। उन्होंने एक चांदी का सिक्का ही लिया है। राणा ने कहा कि उन्हें दहेज में मिले करोड़ों के धन का कोई लोभ नहीं है। उन्होंने परिवार से रिश्ता जोड़ा है कोई सौदा नहीं किया है।

Advertising