लवली के बयान पर शीला का पलटवार- बोझ होती तो कांग्रेस को न जिताती

Thursday, Apr 20, 2017 - 01:59 PM (IST)

नई दिल्ली: पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अरविंदर सिंह लवली के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कांग्रेस पर शीला की तरह बोझ नहीं बनना चाहते थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बोझ कैसे हो सकती हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा के 3 चुनाव जीते हैं। उनसे जब यह पूछा गया कि वह कांग्रेस को बचाने के लिए क्या करेंगी तो उन्होंने जवाब दिया कि एमसीडी के रिजल्ट आने के बाद वह बताएंगी कि क्या करना है।

भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद ही अरविंदर सिंह लवली ने एक समय मार्गदर्शक रहीं पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। लवली ने शीला को कांग्रेस पार्टी पर बोझ बता दिया था। लवली ने कहा था कि शीला दीक्षित एमसीडी चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान से पूरी तरह से दूर हैं और वह बोझ बन गई हैं। उन्होंने साथ ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय माकन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें परिश्रम करने की बजाए आराम पसंद है। वहीं, शीला ने लवली के भाजपा में शामिल होने को गद्दारी बताया था।

Advertising