शीला दीक्षित के बेटे संदीप कांग्रेस सचिव, पूर्व क्रिकेटर अजहर तेलंगाना के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

Friday, Nov 30, 2018 - 03:29 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व सांसद संदीप दीक्षित को पार्टी का सचिव नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने दीक्षित की सचिव पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। दीक्षित दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र हैं। पार्टी ने उन्हें सचिव नियुक्त कर सामाजिक संपर्क प्रकोष्ठ से संबद्ध किया है। इसके साथ ही पार्टी ने कर्नाटक के वरिष्ठ नेता लिंगाराजू को कर्नाटक मछुआरा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

वहीं कांग्रेस ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान तथा पूर्व सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन को तेलंगाना कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही तेलंगाना कांग्रेस के लिए दो उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस में दो और नियुक्तियों को मंजूरी देते हुए वरिष्ठ नेता बी.एम. विनोद कुमार तथा जाफर जावेद को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस के लिए आठ महासचिव तथा चार सचिव भी बनाए गए हैं।

Seema Sharma

Advertising