BJP ने देश के सबसे बड़े स्टार प्रचारक को रखा यूपी से दूर: शत्रुघ्न सिन्हा

Thursday, Feb 16, 2017 - 08:20 AM (IST)

नई दिल्ली: बिहारी बाबू के नाम से प्रसिद्ध भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अपना नाम शामिल न करने पर इशारों-इशारों में एक बार फिर भाजपा पर तंज कसा। शत्रुघ्न सिन्हा ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘‘पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मेरा नाम नहीं था, इससे मैं अचंभित था लेकिन पार्टी ने अच्छे के लिए ही यह फैसला लिया होगा। मैं भी पार्टी का अच्छा चाहता हूं।’’

आपको बता दें कि इससे पहले भी शत्रुघ्न कई मौकों पर भाजपा पर उन्हें अनदेखा करने का आरोप लगा चुके हैं। नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने पर भी उन्होंने पार्टी के अंदर के माहौल पर सवाल उठाते हुए कहा था कि हो सकता है सिद्धू भाजपा में आहत महसूस कर रहे हों, इसलिए कांग्रेस में शामिल हो गए। गौरतलब है कि पी.एम. मोदी द्वारा नोटबंदी के बाद करवाए गए सर्वे में 90 प्रतिशत लोगों द्वारा इसका समर्थन किए जाने के दावे पर भी शत्रुघ्न ने ट्वीट कर मोदी पर निशाना साधा था।

Advertising