शत्रुघ्न ने की अखिलेश की तारीफ, एक्शन मोड में आई BJP

Sunday, Feb 19, 2017 - 09:50 AM (IST)

पटना: भाजपा सांसद व बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पार्टी लाइन से इतर बयान हमेशा चर्चा में रहते हैं। अपने ताजा 2 बयानों में उन्होंने यू.पी. के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ  की तथा यू.पी. चुनाव में खुद को स्टार प्रचारक नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। शत्रुघ्न के इन बयानों पर भाजपा बिदक गई है। भाजपा वैसे सभी लोगों पर कार्रवाई करेगी जो पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी कर रहे हैं। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि पार्टी उन सबके ऊपर संज्ञान लेगी जो पार्टी लाइन से इतर बयान दे रहे हैं।

यह कहा था शत्रुघ्न सिन्हा ने
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी ही पार्टी पर तंज कसते हुए कहा था कि यू.पी. चुनाव के लिए भाजपा की ओर से जिन 40 लोगों को स्टार प्रचारक के रूप में उतारा गया है उस लिस्ट में उनका नाम नहीं होना दुखद है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘‘मैं हैरान हो गया था जब मैंने यू.पी. में हो रहे चुनाव के लिए अपना नाम कैम्पेनर्स की लिस्ट में नहीं देखा।’’ शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने आपको देश का सबसे बड़ा स्टार प्रचारक बताते हुए कहा कि बिहार चुनाव के वक्त भी उन्हें भाजपा ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं रखा था और न ही चुनाव में उनका इस्तेमाल किया था। चुनाव के बाद उसका नतीजा भाजपा की हार के रूप में सामने आया।

पहले भी पार्टी लाइन से अलग बोल चुके हैं शॉटगन
शत्रुघ्न सिन्हा पहले भी कई मौकों पर भाजपा की लाइन से अलग बोल चुके हैं। 2013 में जब भाजपा ने यह तय कर लिया था कि गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम के साथ पार्टी 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ेगी तब शत्रुघ्न ने कहा था कि मोदी को पी.एम. पद तक पहुंचाने के लिए अडवानी और सुषमा स्वराज जैसे सीनियर नेताओं को किनारे किया जा रहा है।

Advertising