शशि थरूर ने खरगे को अध्यक्ष चुने जाने पर दी बधाई, बोले- यह एक बड़ी जिम्मेदारी

Wednesday, Oct 19, 2022 - 03:50 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केरल के तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद शशि थरूर ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी। थरूर ने ट्वीट किया,‘‘ कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनना एक बहुत बड़ा सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं खड़गे जी के लिए इस कार्य के लिए पूरी सफलता की कामना करता हूं। एक हजार से अधिक सहयोगियों का समर्थन प्राप्त करना, और पूरे भारत में कांग्रेस के इतने शुभचिंतकों की आशाओं और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी।''

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को विभिन्न राज्यों में बने बूथ पर वोट डाले गए थे। करीब 95 सौ सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। कांग्रेस के चुनाव पदाधिकारियों ने 96 फीसद तक वोटिंग होने का दावा किया था। कांग्रेस कार्यालय में मतगणना प्रक्रिया आज शुरू हुई थी। सभी प्रदेशों से आए मतपत्रों को एकसाथ मिलाकर मतगणना की गई। चौबीस साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ।

Yaspal

Advertising