शनि शिंगणापुर में पहली बार चुनी गई महिला अध्यक्ष बोली- ''नहीं चाहती मंदिर में महिलाएं करें पूजा''

Tuesday, Jan 12, 2016 - 08:46 AM (IST)

मुंबई: मुंबई के शिंगणापुर स्थित लोकप्रिय धर्मस्थल श्री शनि मंदिर के ट्रस्ट में पहली बार महिलाओं को जगह दी गई है। अनिता शेटे नाम की एक महिला को ट्रस्ट का अध्यक्ष चुना गया है। शनि शिंगणापुर के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में महिला को विजयी घोषित कर उनकी नियुक्ति की बात कही गई है। आपको बता दें कि शनि शिंगणापुर एक ऐसा मंदिर है जहां पूजन स्थल पर महिलाओं को प्रवेश नहीं दिया जाता है।

मंदिर ट्रस्ट में बतौर सदस्य चुनी गईं अनीता शेटे और शालिनी लांडे पर ऐतिहासिक जिम्मेदारी आ गई है। यह दोनों महिलाएं शिंगणापुर के प्रसिद्ध शनि मंदिर में ट्रस्टी चुनी गई हैं। 400 वर्ष पुराने मंदिर की ट्रस्टी बनने वाली ये पहली महिलाएं हैं। वहीं अनिता का कहना है कि वह 400 साल पुरानी परंपरा तोड़ना नहीं चाहती। मंदिर में महिलाएं पूजा न करें वह भी यही चाहती है। अनिता का कहना है कि हम उस परंपरा को कायम रखना चाहते हैं। मंदिर की पवित्रता के लिए गांव के ज्यादातर लोगों की भी यही मान्यता है।

आपको बता दें कि मंदिर के ट्रस्ट में नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए इस बार 98 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे थे जिसमें 10 महिलाएं शामिल थीं। गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर महीने में इस शनि मंदिर के चबूतरे पर एक महिला के प्रवेश करने पर काफी हंगामा हुआ था। मंदिर के पुजारियों और गांव के लोगों ने मंदिर का शुद्धिकरण किया था। परंपरा का हवाला देते हुए कहा गया था कि शनि मंदिर के चबूतरे पर महिलाओं का प्रवेश वर्जित है।

Advertising