शर्मसार! हैवानियत की सारी हदें पार, स्कूली छात्रा की रे'प के बाद ह'त्या, झाड़ियों में मिला अर्धनग्न श'व
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 11:50 PM (IST)
नेशनल डेस्कः राजस्थान में कोलायत के रणजीतपुरा गांव में बालिका से दुष्कर्म करके उसकी हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि लगातार प्रयास के बाद आरोपी श्याम सुंदर मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी इसी क्षेत्र का है। उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी को घर से परीक्षा देने निकली बालिका का शव रणजीतपुरा गांव में झाड़ियों में मिला था। इसके बाद से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोश व्यक्त करते हुए पोस्टमाटर्म करवाने से इन्कार कर दिया और धरने पर बैठ गये। मौके पर पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, देवी सिंह भाटी और अन्य नेता भी पहुंच गये। ग्रामीणों और आरोपी को शीघ्र पकड़ने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, इसका मुकदमा फास्ट ट्रैक न्यायालय में चलाकर जल्द सजा की मांग की।
उधर, पुलिस पर चारों ओर से पड़ रहे दबाव के तहत पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर ने आरोपी की गिरफ्तार के लिये चार पुलिस दलों का गठन किया, जिन्होंने विभिन्न माध्यमों और मुखबिरों की मदद से आखिरकार आरोपी का सुराग लगा लिया और कल देर रात उसे दबोच लिया गया। आरोपी श्याम सुंदर पुलिस को चकमा देने के लिये खुद सोशल मीडिया पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहा था।
उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद परिजनों ने मांगें पूरी होने तक पोस्टमाटर्म कराने से इन्कार कर दिया। तीन दिन के गतिरोध के बाद राज्य सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद पीड़ति परिवार और ग्रामीण पोस्टमाटर्म के लिये सहमत हो गये। इसके बाद पोस्टमाटर्म की कारर्वाई शुरू हुई।
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सहायता कोष से पीड़ति परिवार को पांच लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि मंजूर की गयी है। जन सहयोग से पीड़ति परिवार के लिये 89 लाख रुपये एकत्रित किये जा चुके हैं। अन्य मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे।
