बंगाल में दुर्गा पूजा नहीं होने देने का आरोप लगाने वालों को शर्म आनी चाहिए: ममता बनर्जी

Thursday, Dec 16, 2021 - 06:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: यूनेस्को द्वारा कोलकाता की दुर्गा पूजा को विरासत का दर्जा दिए जाने के एक दिन बाद, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनकी सरकार पर त्योहार के आयोजन में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया था उनका सिर शर्म से झुक गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव के दौरान आरोप लगाया था कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति'' करती है और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के आयोजन में व्यवधान डालती है। बनर्जी ने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ झूठ फैलाया था। उन्होंने कहा कि मैं राज्य में दुर्गा पूजा के आयोजन की अनुमति नहीं देती हूं।

आज, उनका झूठ उजागर हो गया है। उन्हें खुद पर शर्म आनी चाहिए। हमने जो हासिल (यूनेस्को का विरासत का दर्जा) किया है उसके लिए मैं गर्व और सम्मानित महसूस कर रही हूं।'' यूनेस्को ने बुधवार को घोषणा की थी कि कोलकाता की दुर्गा पूजा को ‘मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत' की सूची में शामिल किया गया है। 

 

 

rajesh kumar

Advertising