रोजा न रखने को लेकर मोहम्मद शमी पर उठे सवाल तो समर्थन में उतरीं कांग्रेस प्रवक्ता, बोलीं- रोजा रखने से ज्यादा जरूरी कर्म है

punjabkesari.in Friday, Mar 07, 2025 - 11:59 AM (IST)

नेशनल डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को मोटा कहने वाली कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने अब तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के समर्थन में बयान दिया है। शमी के रमजान में रोजा न रखने को लेकर कुछ लोगों ने सवाल उठाए थे, जिसे लेकर शमा मोहम्मद ने अपनी बात रखी है।

शमी का किया समर्थन 

PunjabKesari

दरअसल, मोहम्मद शमी पर एक मौलाना ने रमजान में रोजा न रखने का आरोप लगाया था। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने शमी का समर्थन किया और कहा कि इस्लाम में यात्रा के दौरान रोजा रखने की अनिवार्यता नहीं होती। शमी यात्रा कर रहे हैं और वह अपने घर पर नहीं हैं। इसके अलावा वह एक ऐसा खेल खेल रहे हैं, जिसमें बहुत प्यास लग सकती है। किसी भी खेल के दौरान रोजा रखना जरूरी नहीं है, क्योंकि व्यक्ति के कर्म ज्यादा मायने रखते हैं।

इस्लाम एक वैज्ञानिक धर्म है

PunjabKesari

शमा मोहम्मद ने इस्लाम को एक वैज्ञानिक धर्म बताते हुए कहा कि इसमें किसी पर कुछ भी थोपा नहीं जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शमी यात्रा पर हैं, तो उन्हें रोजा रखने की आवश्यकता नहीं है।

रोजा न रखने पर उठे थे सवाल

इससे पहले मोहम्मद शमी के रमजान में रोजा न रखने पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने शमी की आलोचना की थी। मौलाना ने कहा था कि मोहम्मद शमी ने मैच के दौरान रोजा नहीं रखा और पानी पिया, जो कि एक गलत कदम था। उनका मानना था कि रमजान के दौरान रोजा रखना एक अनिवार्य कर्तव्य है और अगर कोई व्यक्ति इसे नहीं रखता, तो वह एक बड़ा अपराध करता है।

मौलाना का बयान

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि 'रोजा' (उपवास) इस्लाम में अनिवार्य है और अगर कोई स्वस्थ व्यक्ति इसे नहीं रखता, तो वह अपराधी होता है। उन्होंने यह भी कहा कि शमी ने खेल के दौरान पानी पिया, जबकि उन्हें रोजा रखना चाहिए था, जिससे लोगों में गलत संदेश जा सकता है। शमी को अपनी गलती माननी चाहिए और शरीयत के हिसाब से उन्हें इसका जवाब देना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News