शाह का कर्नाटक सरकार पर निशाना, बोले- अब जनता चाहती है बदलाव

punjabkesari.in Tuesday, Feb 20, 2018 - 04:30 PM (IST)

मेंगलुरु: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने और गलत नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कारणों से लोग सरकार में बदलाव करना चाहते हैं। शाह ने सर्पंत भगवान को समर्पित धार्मिक केंद्र कुक्के सुब्रह्मण्य से कर्नाटक के तटवर्ती जिलों के तीन दिनों के दौरे की शुरुआत करते हुए यह बात कही। उन्होंने सुल्लया निर्वाचन क्षेत्र के बूथ स्तरीय पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास को अपनाने के बजाय तुष्टीकरण की नीति अपनाई है। उन्होंने कांग्रेस विधायक एन.ए. हैरिस के पुत्र मोहम्मद एन हैरिस की गिरफ्तारी में विलंब को तुष्टीकरण नीति का ही एक परिणाम बताया।

कांग्रेस पर साधा निशाना
शाह ने कहा कि भाजपा जहां विकास को अपना एजेंडा बनाए हुए है, वहीं कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति में व्यस्त है। यही कारण है कि राज्य में विकास का काम पूरी तरह से ठप्प है। शाह ने कहा कि सरकार से हिसाब मांगने में कुछ भी गलत नहीं है तथा भाजपा हमेशा जनता के प्रति जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासनकाल में 13वें वित्त आयोग ने कर्नाटक के लिए 88 हजार 583 करोड़ रुपये जारी किए जबकि भाजपा के नेतृत्ववाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के दौरान 14वें वित्त आयोग की ओर से राज्य के लिए अब तक दो लाख 19 हजार 506 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा केंद्र ने सड़क, अमृत, स्वच्छ भारत, बेंगलुरु मेट्रो, रेलवे और अन्य मदों में 80 हजार करोड़ रुपए की अतिरिक्त सहायता भी दी है।

विकास के पैसे जा रहे राज्य सरकार की जेब में
शाह ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को अनुदानों के बारे में जानने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पैसे सीधे राज्य में सत्ता में शामिल लोगों की जेब में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भ्रष्टाचार का ही शासन है जहां विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक भ्रष्टाचार मामलों में लिप्त हैं। शाह ने भाजपा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और मजबूत बूथ स्तरीय संगठन को देते हुए कहा कि सहयोगी संगठनों के साथ मिलाकर अब इसके 19 राज्य में शासन कायम हो चुके हैं। भाजपा के 330 सांसदों के साथ अभी कुल 14 हजार विधायक हैं। इनमें महज कुछ सहयोगी दलों के भी हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से पार्टी को मजबूत करने की भाजपा की रणनीति वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित है। शाह को कल मेंगलुरु पहुंचने के बाद बुखार चढ़ गया लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रमों में भाग लेने का क्रम जारी रखा है। वह पुत्तुर रवाना हो गए जहां विवेकानंद विद्यावर्धक संघ के छात्रों को संबोधित करेंगें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News