ममता सरकार पर बरसे शाह, कहा- बंगाल में घर-घर जाकर लोकतंत्र की करेंगे स्थापना

Tuesday, Jan 29, 2019 - 09:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाव ​से पहले राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में जुट गए हैं। इसी के तहत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज पश्चिम बंगाल पहुंचे। मेदिनीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल की सरकार ने राज्य के विकास के लिए उद्योग लगाने के बजाय हर जिले में बम बनाने की फैक्ट्री लगाने का काम किया है।


भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता रथ यात्रा लेकर बंगाल के घर-घर तक संपर्क करना चाहते थे, लेकिन ममता सरकार  ने हमें यहां की जनता से मिलने नहीं दिया। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता बंगाल की जनता के घर-घर जाकर लोकतंत्र की स्थापना करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि हम ममता दीदी की सरकार द्वारा राज्य में फैलाई जा रही अराजकता का विरोध करते हैं तो हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी जाती है। 


शाह ने आरोप लगाया कि बंगाल में जब कांग्रेस थी तो राज्य में गरीबी की शुरुआत हुई, कम्युनिस्ट आये तो हिंसा की शुरुआत हुई और ममता दीदी ने गरीबी और हिंसा के साथ-साथ सिंडिकेट भी चालू कर दिया है। उन्होंने कोई भी क्षेत्र तब तक समृद्ध नहीं होता है जब तक वहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत नहीं होती। 


वहीं इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजद की आलोचना करते हुए कहा था कि केंद्र से काफी पैसा मिलने के बावजूद राज्य नवीन पटनायक सरकार की अक्षमता और निष्क्रियता के चलते पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा भाजपा केंद्र की सत्ता में बनी रहेगी क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीबों और अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय के लोगों के कल्याण तथा विकास के लिए गंभीरता से काम किया है।  

vasudha

Advertising