''जय जवान-जय किसान के नारे के साथ किसानों को मान्यता दिलाने वाले शास्त्री जी को नमन: शाह

Friday, Oct 02, 2020 - 11:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को जयंती पर स्मरण और नमन करते हुए शुक्रवार को कहा कि उनका सादगीपूर्ण, दूरदर्शी और निडर व्यक्तित्व पूरे देश को प्रेरित करता है। दो अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में जन्मे देश के दूसरे प्रधानमंत्री भारत रत्न शास्त्री जी की आज 116 वीं जयंती है। 

शाह ने उन्हें याद करते हुए कहा कि भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण, दूरदर्शी व निडर व्यक्तित्व पूरे देश को प्रेरित करता है। उनके हिमालय जैसे मजबूत नेतृत्व और ‘जय जवान जय किसान' के ओजस्वी नारे ने भारत की समृद्धि व सुरक्षा के दो सबसे बड़े स्तंभ...किसानों और जवानों को सशक्त किया। उन्हें कोटि-कोटि नमन।


वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर स्मरण और नमन किया। केजरीवाल आज सुबह बापू की समाधि राजघाट और स्वर्गीय शास्त्री के समाधिस्थल विजयघाट गए और दोनों विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी का पूरा जीवन एवं उनके विचार न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को प्रेरणा देते हैं। बापू की 151वीं जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन। आइये मिलकर बापू के सपनों का भारत बनाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की साधारण जीवन शैली और कठिन परिश्रम भारतीय राजनीति में हर पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। शास्त्री जी के जन्मदिवस पर उन्हें सादर नमन। 
 

vasudha

Advertising