पेट्रोल-डीजल कीमत घटाने का फार्मूला निकाल रही है सरकार: अमित शाह

Tuesday, May 22, 2018 - 06:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि सरकार पेट्रोल डीजल की बढती कीमतों को लेकर गंभीर है। इस समस्या का कोई समाधान ढूंढ़ लिये जाने की उम्मीद है। शाह ने 14 अप्रैल से पांच मई तक चले ग्राम स्वराज अभियान की उपलब्धियां की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। 

मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि को गंभीरता से ले रही है। पेट्रोलियम मंत्री इस संबंध में सभी तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अगले तीन चार दिनों में पेट्रोल डीजल की कीमतें घटाने के लिए फार्मूला ढूंढऩे का प्रयास करेंगे। शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमारी कई योजनाएं कारगर साबित हुई हैं। 16,850 गांवों में बिजली पहुंच गई है। भाजपा कार्याकर्ताओं ने 2-2 दिन गांव में बिताकर लोगों की समस्या जानी।

शाह ने दावा किया कि हर व्यक्ति तक बीमा का लाभ पहुंचा। ग्रामीण बच्चों का टिकाकरण ​हुआ। सरकारी योजनाओं की निगरानी की गई। उल्लेखनीय है कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 76.87 रुपए और डीजल की कीमत 68.08 रुपए प्रति लीटर पहुंच गयी है। मुंबई में इनकी कीमत सबसे ज्यादा है। वहां पेट्रोल 84.70 रुपए और डीजल 72.48 रुपए है। 

vasudha

Advertising