हरियाणा-महाराष्ट्र की जीत पर बोले शाह- जनता ने दोबारा दिया आशीर्वाद

Friday, Oct 25, 2019 - 05:16 AM (IST)

नई दिल्लीः महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मनोहर लाल एवं देवेन्द्र फड़नवीस ने जिस प्रकार से समभाव से सबको साथ लेकर सफलता पूर्वक ‘जीरो करप्शन' सरकार चलायी है, उसी से उन्हें दोबारा जनता का आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गत विधानसभा चुनाव से अपने वोट में तीन प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करते हुए हम सबसे बड़े दल बनकर उभरे हैं और इसके लिए वह हरियाणा की जनता का धन्यवाद करना चाहते हैं।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले दोनों राज्यों के चुनाव में भाजपा विजयी रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पांच माह हो गये हैं और इन पांच महीनों में ऐसे काम हुए हैं जो पांच साल में नहीं हो पाते हैं। तीन तलाक का विधेयक पारित हो गया। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35 ए को हटा दिया गया। इससे जम्मू कश्मीर में विकास का मार्ग खुल गया और आतंकवाद के खात्मा होगा। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार जिस सटीकता से चल रही है। उसी से प्रभावित हो कर जनता ने भाजपा को चुना है। भारत का विकास, समृद्ध और सुरक्षित होना तय है। मोदी भारत को पूर्ण वैभव की ओर ले जाएंगे।

मोदी जब भाजपा के कार्यालय पहुंचे तो शाह एवं पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनका स्वागत किया। अभिनंदन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने किया।

Yaspal

Advertising