धोनी के रिटायरमेंट पर बोले शाह- दुनिया आपके हेलीकॉप्टर शॉट को मिस करेगी

Saturday, Aug 15, 2020 - 10:48 PM (IST)

नई दिल्लीः दो बार के विश्व कप विजेता और भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया।   भारत के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर यह एलान करते हुए कहा, ‘‘मेरे करियर में आप सबके प्यार और सहयोग का बहुत-बहुत शुक्रिया। आज 1929 बजे से आप मुझे रिटायर समझें।'' धोनी के संन्यास लेने की घोषणा के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, "मैं दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के साथ महेंद्र सिंह धोनी को उनके भारतीय क्रिकेट में अद्वितीय योगदान के लिए धन्यवाद करता हूं। उनके शांत स्वभाव ने कई बार नजदीकी मुकाबलों को भारत के पक्ष में बदल दिया। उनकी कप्तानी में भारत ने दो विभिन्न प्रारूपों में विश्व कप जीता।"

शाह ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "एमएस धोनी ने क्रिकेट की अपनी अनूठी शैली के माध्यम से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुझे उम्मीद है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट को मजबूत करने की दिशा में अपना योगदान देते रहेंगे। उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं। विश्व क्रिकेट आपके हेलीकॉप्टर शॉट को मिस करेगा, माही!"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने धोनी के रिटायरमेंट पर कहा कि बहुत बढ़िया... अच्‍छा खेले मिस्‍टर धोनी! आपने अपने प्रदर्शन और नेतृत्व के दम पर विश्व क्रिकेट के शिखर पर भारत का नाम रोशन किया। हर भारतीय को आप पर गर्व है। आपकी अगली पारी के लिए मेरी शुभकामनाएं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश और झारखंड को गर्व और उत्साह के अनेक क्षण देने वाले माही ने आज अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया। मैं मानता हूँ माही का एक फेयरवेल मैच राँची में हो जिसका गवाह पूरा विश्व बनेगा। BCCI से अपील करता हूँ माही का फेयरवेल मैच कराया जाए जिसकी मेजबानी पूरा झारखण्ड करेगा।

केंद्रीय मंत्री और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि धोनी के स्थान को भर पाना आसान नहीं होगा। भारतीय क्रिकेट के लिए उन्होंने बहुत ज्यादा सेवाएं दी हैं। समस्त भारतीय क्रिकेट फैंस की तरफ से उनको बहुत आभार और धन्यवाद। भविष्य में वो जो भी करना चाहें उसके लिए बहुत सारी शुभकामनाएँ।
 

Yaspal

Advertising