शाह का कांग्रेस पर हमला, कहा- 50 साल में देश का कर दिया बंटाधार

Saturday, Oct 06, 2018 - 07:08 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसने आजादी के बाद सत्ता मिलने पर 50 साल में देश का बंटाढार करके रख दिया है। शाह मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ के शहीद चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय खेल मैदान पर जनजातीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।



भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने कभी आदिवासियों की सुध नहीं ली है। केंद्र में जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनी तो देश में पहली बार आदिवासी कल्याण मंत्रालय प्रारंभ कर उनके विकास की चिंता की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों की हितैषी पार्टी है, जबकि कांग्रेस अपने मतलब और स्वार्थ के लिए लोगों का उपयोग करती है। उन्होंने मध्यप्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने की अपील की और कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी की अगुआई में भाजपा की सरकार अच्छा काम कर रही है और देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।



शाह ने आदिवासी योद्वाओं बिरसा मुंडा, टंट्या भील, रानी दुर्गावती के देश की रक्षा में योगदान को याद किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में मध्यप्रदेश की हालत खस्ता थी। पानी, बिजली, सड़क सभी की समस्या थी, लेकिन अब प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने स्वागत भाषण दिया। झाबुआ पहुंचने पर शाह और चौहान का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया और उन्हें आदिवासी झूलड़ी पहनाकर तीर-कमान भेंट किए गए।

Yaspal

Advertising