केजरीवाल पर बरसे शाह, कहा- सीएम का मंत्र केवल झूठ बोलना

Sunday, Sep 23, 2018 - 09:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते, देश को दल से ऊंचा मानते हैं। शाह ने आज दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में 'पूर्वांचल महाकुंभ' रैली को संबोधित किया, जिस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।


हमारी नीति गरीबी हटाओ
शाह ने कहा कि हमारी नीति गरीबी हटाओ, भुखमरी हटाओ, असुरक्षा हटाओ है, लेकिन महागठबंधन की एक मात्र नीति मोदी हटाओ है। भाजपा अध्यक्ष ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एक ही मंत्र है झूठ बोलना और बार-बार झूठ बोलना। अगर वे पूर्वांचल का महाकुंभ देख लें तो उनको पता चल जाएगा कि जनता में उनकी सरकार के खिलाफ कितना गुस्सा है। 


राहुल गांधी पर साधा निशाना 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल बाबा सुन लें, केजरीवाल सुन लें, दिल्ली से 7 की 7 सीटें मोदीजी की झोली में जाने वाली हैं, इसमें कोई परिवर्तन नहीं हो सकता। इसके साथ ही शाह ने राफेल डील को लेकर कांग्रेस पर झूठ बोलने और जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने जनता से लोगों से पूछा कि आप को मजबूत सरकार चाहिए या फिर मजबूर सरकार।



चुनाव के लिए एजेंडा तय करेंगे शाह
बता दें कि बीजेपी की दिल्ली इकाई ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए इस रैली का आयोजन किया है। इस समुदाय के लोगों ने पिछले साल नगर निगम के चुनावों में पार्टी को समर्थन दिया था। एक अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में कुल मतदाताओं में 40 प्रतिशत पूर्वांचली मतदाता हैं। माना जा रहा है कि इस रैली के माध्यम से दिल्ली में शाह अगले साल होने वाले आम चुनाव के लिए एजेंडा भी तय करेंगे।

vasudha

Advertising