पश्चिमी दिल्ली में नाबालिग का यौन शोषण, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Thursday, Aug 06, 2020 - 12:02 AM (IST)

नई दिल्लीः पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में 12 साल की एक लड़की का एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित यौन शोषण किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार की है और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने कहा कि उन्हें घटना की सूचना मंगलवार शाम को मिली। पीड़िता को पास के ही एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अन्य अस्पताल के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी दिल्ली) ए कोआं ने कहा, '' हमें पश्चिम विहार वेस्ट पुलिस थाने में मंगलवार शाम को नाबालिग लड़की के उत्पीड़न की सूचना मिली थी। इस मामले में धारा 307 (हत्या का प्रयास) और पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है।''

पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस समय घटना हुई, उस समय पीड़िता के माता-पिता घर में मौजूद नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, उसके माथे और चेहरे पर किसी धारदार चीज से कई बार वार किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

 

Yaspal

Advertising