सीरियल किलर 'डॉक्टर'- 100 से ज्यादा ट्रक और टैक्सी ड्राइवरों का किया मर्डर

Friday, Jul 31, 2020 - 08:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पुलिस ने एक ऐसे आयुर्वैदिक डाक्टर को गिरफ्तार किया है जिसने गिरोह बनाकर 100 से अधिक ट्रक ड्राइवरों को मौत के घाट उतार दिया। उसका गिरोह विशेष रूप से एल.पी.जी. सिलैंडर ले जाने वाले ट्रक ड्राइवरों को शिकार बनाता था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा डी.सी.पी. (क्राइम) राकेश पवेरिया ने बताया कि यह डॉक्टर है उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिला स्थित पुरेनी गांव का रहने वाला देवेन्द्र शर्मा। वह पैरोल से भाग कर जनवरी से वहां रह रहा था। पूछताछ में डॉक्टर ने कबूल किया कि उसने दिल्ली व पड़ोसी राज्यों में 50 से अधिक ट्रक ड्राइवरों की हत्या करने के बाद शिकार की गिनती करना ही छोड़ दिया।

DSP ने कहा डॉक्टर व उसका गिरोह हत्या के संभवत: 100 से ज्यादा मामलों में संलिप्त रहा है क्योंकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में उसके खिलाफ दर्ज मामलों में संबंधित राज्यों की पुलिस जांच कर रही है। DSP ने बताया कि डॉक्टर ने 1992 में गैस डीलरशिप स्कीम में 11 लाख रुपए निवेश किया, लेकिन उसे नुक्सान हो गया। इसके बाद 1995 में उसने क्लीनिक छोड़कर अलीगढ़ के छारा गांव में फर्जी गैस एजैंसी शुरू कर दी और बाद में आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। उसके सहयोगी एल.पी.जी. सिलैंडर ले जाने वाले ट्रकों को लूट लेते थे और ड्राइवरों की हत्या कर देते थे।

इसके बाद ट्रक के सिलैंडर अपनी फर्जी गैस एजैंसी में उतार लेते थे। वर्ष 1994 में डॉक्टर किडनी प्रत्यारोपण के अंतर्राज्यीय गिरोह में संलिप्त हो गया। साल 2004 में गुड़गांव किडनी गिरोह मामले में उसे और कई अन्य डॉक्टरों को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि उक्त डॉक्टर अपहरण और हत्या के कई मामलों में दोषी करार दिया गया है।

Seema Sharma

Advertising