ऑफ द रिकॉर्डः मनमोहन सिंह के लिए राज्यसभा सीट की तलाश
Friday, Nov 30, 2018 - 08:24 AM (IST)
नेशनल डेस्कः कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए राज्यसभा सीट की तलाश अभी से शुरू कर दी है क्योंकि उनका कार्यकाल अप्रैल-मई में पूरा होने वाला है। वर्तमान में सिंह असम से राज्यसभा सदस्य हैं लेकिन वहां से कांग्रेस अगले साल तक कोई सीट जीतने की स्थिति में नहीं है। हालांकि 2019 में 2 सीटों व तमिलनाडु में 6 सीटों पर चुनाव होना है। इन दोनों प्रदेशों में कांग्रेस कोई सीट जीत नहीं सकी है इसलिए कांग्रेस अभी से मनमोहन के लिए सीट की खोज में जुट गई है।
हालांकि तमिलनाडु में डी.एम.के. नेतृत्व कांग्रेस को सीट दे भी सकता है लेकिन उनके साथ समस्या यह है कि डी.एम.के. खुद ही वहां से 2 सीटें जीत सकती है। उसमें से एक सीट एम. करुणानिधि की बेटी कनीमोझी के हिस्से आना तय है और दूसरी सीट के सी.पी.आई. नेता डी. राजा के हिस्से जाती दिख रही है क्योंकि वे डी.एम.के. के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं।
डी. राजा का कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है, ऐसे में डी.एम.के. उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए प्रतिबद्ध दिखती है। बची 4 सीटें ए.आई.ए.डी.एम.के. के खाते की हैं।