सुरक्षा अलर्ट: दूसरे दिन भी संदिग्धों की तलाश जारी, नौसेना हाई अलर्ट पर

Friday, Sep 23, 2016 - 10:49 PM (IST)

मुंबई: उरण इलाके के नौसैनिक अड्डे के पास कल कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने पर मुंबई तट और इसके आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी किए जाने के बाद आज लगातार दूसरे दिन संदिग्धों की तलाशी के काम में विभिन्न एजेंसियां जुटी रहीं। हालांकि, नौसेना ने आज अपना अभियान समाप्त कर लिया।   

पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी संदिग्ध का पता नहीं चल सका है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में बताया कि संदिग्ध हथियारबंद लोगों को देखे जाने की सूचना के बारे में अब तक कुछ भी पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया है। बहरहाल, पुलिस ने कहा कि कि हथियारों से लैस संदिग्धों को देखने वाले कुछ स्कूली बच्चों से मिले ब्योरे के आधार पर संदिग्धों के स्केच कल देर रात जारी किए गए। उरण और आसपास के इलाकों के स्कूलों और कॉलेजों को आज बंद कर दिया गया था। पीटीआई-भाषा से बातचीत में महाराष्ट्र के डीजीपी सतीश माथुर ने कहा,‘‘उरण इलाके में पुलिस का तलाशी अभियान अब भी जारी है। लेकिन अब तक कुछ अहम नहीं मिल पाया है।’’   

डीजीपी ने कहा कि पुलिस ने तलाशी अभियान से जुड़ी एक गोपनीय रिपोर्ट सरकार को दी है। पुलिस अधिकारियों और एनएसजी यूनिट के कमांडरों की एक उच्चस्तरीय बैठक आज सुबह उरण में हुई। अपना अभियान समाप्त करने वाले पश्चिमी नौसैनिक कमान ने एक बयान में कहा,‘‘जहां तक भारतीय नौसेना का सवाल है, कल संदिग्ध आतंकवादियों को कथित तौर पर देखे जाने के बाद चलाया गया अभियान आज पूरा हो गया। नौसैनिक इलाकों की तलाशी ले ली गई है। नौसेना स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ संपर्क में है।’’ 

Advertising