राजधानी के 11 जिलों में धारा 144 लागू

Saturday, Aug 26, 2017 - 11:44 AM (IST)

नई दिल्लीः डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को साध्वी बलात्कार मामले में कल हरियाणा के पंचकुला की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने दोषी ठहरा दिया है। गुरमीत राम रहीम को दोषी ठहराए जाने पर राजधानी दिल्ली में आगजनी तथा तोडफ़ोड के बाद मध्य और उत्तर जिला को छोड़कर एहतियातन धारा 144 लगा दी गई है।

दिल्ली पुलिस ने आज बताया कि राजधानी में स्थिति पूरी तरह काबू में है। दिल्ली से स्टे गाजियाबाद और नोएडा में भी एहतियातन धारा 144 लागू है। दिल्ली में कुल 13 पुलिस जिले हैं। राम रहीम समर्थकों के उपद्रव को देखते हुए राजधानी में चौकसी बढा दी गई है। बाबा समर्थकों ने कल दिल्ली में भी कुछ जगहों पर हिंसा की। दिल्ली परिवहन निगम की कई बसों में तोडफ़ोड़ और आग लगा दी थी।

आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर रीवा एक्सप्रेस के दो खाली कोचों को बाबा समर्थकों ने आग के हवाले कर दिया था। दिल्ली में आज कई निजी स्कूलों ने तोडफ़ोड़ की आशंका और एहतियात के तौर पर छुट्टी कर दी है। इसके अलावा गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने भी राज्य के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। 

Advertising