SEBI को मिला नया चीफ: कौन हैं Tuhin Kant Pandey, जानिए हर महीने कितनी मिलेगी सैलरी?
punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 10:00 AM (IST)

नेशनल डेस्क। सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) को अपना नया चीफ मिल गया है। सरकार ने तुहिन कांत पांडे को SEBI का चेयरमैन नियुक्त किया है। तुहिन कांत पांडे माधबी पुरी बुच की जगह लेंगे जिनका कार्यकाल आज यानी 28 फरवरी को समाप्त हो रहा है। तुहिन कांत पांडे अगले तीन साल तक SEBI का नेतृत्व करेंगे।
तुहिन कांत पांडे का करियर और अनुभव
तुहिन कांत पांडे ओडिशा कैडर के 1987 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने वित्त सचिव के रूप में काम किया था और अब SEBI के प्रमुख बनेंगे। वह सितंबर 2024 में टीवी सोमनाथन के कैबिनेट सेक्रेटरी बनने के बाद वित्त सचिव बने थे। इससे पहले वह डिपार्टमेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) के सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। DIPAM में रहते हुए तुहिन कांत पांडे ने कई महत्वपूर्ण काम किए जिनमें एयर इंडिया के निजीकरण और LIC की शेयर बाजार में लिस्टिंग शामिल है।
सेबी चीफ के रूप में तुहिन कांत पांडे की जिम्मेदारी
तुहिन कांत पांडे को SEBI का नया चेयरमैन बनने पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। SEBI भारत के शेयर बाजार की देखरेख करता है और इसके प्रमुख के रूप में तुहिन कांत पांडे को महत्वपूर्ण निर्णय लेने होंगे खासकर जब बाजार मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उनका लंबा अनुभव और नेतृत्व क्षमता बाजार को स्थिरता देने में मदद कर सकती है।
तुहिन कांत पांडे की सैलरी
SEBI के अध्यक्ष के रूप में तुहिन कांत पांडे को भारत सरकार के सचिव के बराबर वेतन और सुविधाएं मिलती हैं। उन्हें बिना मकान और कार के प्रति माह 5,62,500 रुपये सैलरी मिलेगी। SEBI का चेयरमैन पद काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पूरे शेयर बाजार की देखरेख करता है।
माधबी पुरी बुच का कार्यकाल समाप्त
बता दें कि माधबी पुरी बुच का कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त हो रहा है। उन्होंने 2 मार्च 2022 को SEBI की कमान संभाली थी और वह SEBI की पहली महिला प्रमुख थीं। अब तुहिन कांत पांडे SEBI के नए चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
नए SEBI चेयरमैन की उम्मीदें
वहीं तुहिन कांत पांडे के पास व्यापक अनुभव है और उनकी नियुक्ति से शेयर बाजार में स्थिरता की उम्मीद जताई जा रही है। उनके नेतृत्व में SEBI बाजार को और अधिक मजबूती देने के लिए काम करेगा।