सऊदी अरब को पाकिस्तान पर आया तरसः 3 अरब डॉलर मदद देने का वादा किया, कर्ज भुगतान की मियाद भी बढ़ाई

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 06:36 PM (IST)

Duabi: सऊदी अरब ने पाकिस्तान को तीन अरब अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसी के साथ मौजूदा पांच अरब अमेरिकी डॉलर के कर्ज के पुनर्भुगतान की मियाद भी और तीन साल के लिए बढ़ा दी है। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी। पाकिस्तान को यह मदद ऐसे समय में मिली है जब वह इस महीने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर चुकाने की तैयारी कर रहा है, जिसकी वजह से उसके विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ गया है। डॉन अखबार के मुताबिक वाशिंगटन में पाकिस्तान के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने कहा, ''सऊदी अरब ने पाकिस्तान के बैंक में अतिरिक्त तीन अरब अमेरिकी डॉलर जमा करने का वादा किया है और अपनी मौजूदा पांच अरब अमेरिकी डॉलर की सुविधा को अगले तीन वर्षों के लिए बढ़ा दिया है।''

 

उन्होंने कहा,''मौजूदा समय में सऊदी अरब द्वारा जमा कराए गए पांच अरब अमेरिकी डॉलर की रकम अब पिछली वार्षिक वापसी व्यवस्था के अधीन नहीं होगी और इसके बजाय इसे लंबी अवधि के लिए बढ़ाया जाएगा।'' यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब प्रधान मंत्री शहबाज़ शरीफ के 15-18 अप्रैल तक सऊदी अरब, कतर और तुर्किये की आधिकारिक यात्रा करने वाले हैं। जियो न्यूज ने विश्व बैंक-विश्व मुद्रा कोष (आईएमएफ) की इस साल हुयी बैठक के मौके पर वाशिंगटन में औरंगजेब द्वारा संवाददाताओं से की गई बातचीत के हवाले से खबर दी, ''नवीनम सऊदी मदद पाकिस्तान की बाहरी कर्जों के भुगतान के अहम समय में आया है और विदेशी मुद्रा भंडार को बढ़ाने और बाहरी खाते को मजबूत करने में मदद करेगा।'' आईएमएफ ने शर्त लगाई है कि पाकिस्तान के तीन प्रमुख द्विपक्षीय ऋणदाताओं - सऊदी अरब, चीन और यूएई को मौजूदा तीन साल के कार्यक्रम के पूरा होने तक देश के साथ अपनी नकद जमा राशि बनाए रखनी होगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News