CD कांड में फंसे संदीप कुमार ने केजरीवाल को बताया अपना आदर्श

Friday, Apr 28, 2017 - 12:22 PM (IST)

नई दिल्ली: एमसीडी चुनावों में हार के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पार्टी के भीतर और बाहर आलोचना झेलनी पड़ रही है। ऐसे में उन्हें सेक्स सीडी कांड में फंसे आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता संदीप कुमार का समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल उनके आदर्श हैं। कुमार ने दावा किया कि वो अपने विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के 4 में से 3 पार्षदों को जिताने में कामयाब रहे हैं। उनका कहना था कि दिल्ली सरकार के तमाम आला मंत्री अपने इलाकों में पार्टी के पार्षदों को जिताने में नाकाम रहे हैं। उनका इशारा सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया की ओर था।

साजिश के तहत पार्टी से निकाला
संदीप की मानें तो उन्हें साजिश के तहत पार्टी से निकाला गया है। उन्होंने दावा किया कि वो आंदोलन से निकले हैं और उनके अंदर आम आदमी पार्टी का खून दौड़ता है। एमसीडी चुनाव प्रचार के दौरान संदीप पर नरेला से भाजपा उम्मीदवार सावित्री खत्री के लिए वोट मांगने का आरोप लगा था। उन्होंने सफाई दी थी कि उनके खत्री के साथ पारिवारिक रिश्ते हैं। प्रचार के दौरान उन्होंने केजरीवाल की तुलना फिल्म ‘घातक’ के खलनायक कात्या से भी की थी।

केजरीवाल ने पार्टी से करा था बर्खास्त
संदीप आम आदमी पार्टी में महिला एवं बाल कल्याण विकास मंत्री थे। उनके पास एससी-एसटी कल्याण मंत्रालय का भी प्रभार था। लेकिन पिछले साल सितंबर में एक ऐसी सीडी सार्वजनिक हुई जिसमें संदीप कुमार 2 महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालात में नजर आए थे। आरोप है कि कुमार ने इन महिलाओं को राशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद केजरीवाल ने उन्हें सरकार और पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। 

Advertising