लड़की के सीने से निकला लड़के का दिल!, उलझी डेथ मिस्ट्री

Tuesday, Jul 18, 2017 - 10:15 AM (IST)

मुंबई: मुंबई में पांच साल पहले सनम हसन की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी तक सुलझी नहीं है। सीबीआई इस केस में उलझी हुई है। सनम का डीएनए जांच के लिए भेजा गया तो दूसरा दिल भी सनम का नहीं निकला। उसकी मौत के बाद हुए पोस्टमार्टम में उसके अंदर जो दिल निकला था, उसे लड़के का बताया गया।

बर्थडे वाले दिन मौत
3 अक्तूबर 2012 की रात सनम अपना जन्मदिन मनाने गई थी। पार्टी के दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सनम के परिजनों ने उसके साथ रेप और हत्या का शक जताया था लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सनम हसन का दिल पुरुष का निकला था।

सीने से निकला लड़के का दिल
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, मरने से पहले सनम का दिल 70 फीसदी ब्लॉक था। उसकी मौत ज्यादा नशा करने की वजह से हुई थी। सनम के परिजन इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे क्योंकि वो एक फुटबाल खिलाड़ी थी। सनम पार्टी करने से एक दिन पहले भी मैच खेलकर आई थी। मुंबई पुलिस के जांच में नाकाम होने के बाद इस मामले को सीबीआई को सौंपा गया। सीबीआई ने सनम की मौत के लगभग 4 साल बाद उसकी कब्र खुदवाई और वहां से उसके दांत, नेल क्लिपिंग, बाल और जांघ की हड्डी बरामद हुई। इनको डीएनए टेस्ट के लिए भेजा गया था। सनम का दिल अभी तक नहीं मिला है और सीबीआई इसको लेकर गहन जांच कर रही है। आज भी सनम के मां-बाप न्याय की राह देख रहे हैं। वे आज भी एक ही बात कह रहे हैं कि सनम की मौत नहीं हुई बल्कि हत्या की गई है।

Advertising