बीजेपी प्रवक्ता का ट्वीट- नेहरू करते थे सरदार पटेल से नफरत

Tuesday, Oct 31, 2017 - 04:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री व गृहमंत्री सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर जहां एक तरफ पूरा एकता दिवस मना रहा है वहीं राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर कीचड़ उछालती नजर आई। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने अपने ट्वीट के जरीए कहा है कि जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल से नफरत करते थे। संबित पात्रा ने इस बात की प्रमाणिकता के लिए एक किताब के कुछ अंश को शेयर किया है। शेयर करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि ‘दोस्तों इस पढ़ो, देखो सरदार वल्लभ भाई पटेल से जवाहर लाल नेहरू कितनी नफरत करते थे। यह घृणित है।’ हालांकि संबित के इस ट्वीट के बाद कई लोगों ने अपनी मिली जुली प्रतिक्रिया भी दी है।


 

नेहरू व पटेल में अनबन 
संबित ने किताब के जिस अंश को शेयर पर किया गया है उसमें लिखा है कि ‘नायर ने लिखा है कि सरदार पटेल के प्रति जवाहर लाल नेहरू की व्यक्तिगत नफरत सार्वजनिक तौर पर तब सामने आई, जिस दिन पटेल की मुंबई में मौत हुई थी। सरदार पटेल की मौत की खबर मिलने के तुरंत बाद नेहरू ने मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट्स को दो नोट्स भेजे थे। ये दोनों नोट्स मंत्रालय के तत्कालीन सेक्रेट्री वीपी मेनन के पास पहुंचे थे। एक नोट्स में नेहरू ने मेनन से कहा था कि सरदार पटेल जो कार इस्तेमाल करते थे, वह उन्हें वापस भिजवा दी जाए। दूसरा नोट्स काफी हैरान कर देना वाला था। इसमें नेहरू चाह रहे थे कि सरकार के जितने भी सचिव सरदार के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहते हैं, वे अपने खर्चे पर वहा जाएं।’

लोगों ने दिखाया आइना
संबित के ट्वीट के बाद ही कई लोगों ने उन्हें आइना दिखा दिया। एक व्यक्ति ने लिखा कि पटेल आरएसएस से नफरत करते थे, जिसे नेहरू ने पाल रखा था। इतना ही नहीं एक व्यक्ति ने तो यहां तक कहा कि कम से कम आज के दिन तो इन बातों को नजरअंदाज कर देना चाहिए। संबित पात्रा के इस ट्वीट पर जहां कई लोगों ने उनकी बात का समर्थन किया है, तो वहीं कुछ लोगों ने उनकी खिंचाई की है। यश प्रकाश दूबे नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा है, ‘यह केवल आपका प्रोपेगेंडा है। आप हम युवाओं को शर्मिंदा महसूस करवाना चाहते हैं कि हमने आपको वोट दिया। बच्चों की तरह लडऩा छोड़ो और राष्ट्र के लिए कुछ करो।’ दर्शन नाम के यूजर ने लिखा है, ‘यह आपकी नेहरू के प्रति नफरत दखा रही है। सच्चाई तो यह है कि पटेल आरएसएस से नफरत करते थे और वे इस पर प्रतिबंध लगाना चाहते थे।’ वहीं प्रबोध यादव नाम के यूजर ने लिखा, ‘कितनी नीच राजनीति पर उतर गए है, थोड़ा शर्म करो, सरदार पटेल का नाम इस्तेमाल मत करो। पटेल साहब संघियों से बहुत नफरत करते थे।’

 


  

Advertising