हवा में अचानक उखड़ गई विमान की खिड़की... यात्री का सिर, गर्दन और कंधा आधा प्लेन के बाहर खिंच गया, मच गई दहशत

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 09:10 AM (IST)

Ryanair Flight Incident: यूरोप में शुक्रवार सुबह एक यात्री विमान के अंदर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान की एक खिड़की का अंदरूनी पैनल अपनी जगह से निकल गया। इस घटना के बाद केबिन का दबाव (कैबिन प्रेशर) अचानक कम हो गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। इसी दौरान खिड़की के पास बैठे 61 वर्षीय यात्री का सिर, गर्दन और कंधा तेज हवा के दबाव में बाहर की ओर खिंचने लगे। आसपास बैठे यात्रियों ने तुरंत उसे पकड़कर सुरक्षित अंदर खींच लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह घटना ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही एक उड़ान में हुई। विमान का संचालन रायनएयर की सहयोगी एयरलाइन माल्टा एयर कर रही थी।

तेज धमाके के बाद नीचे उतरने लगा विमान
चश्मदीद के अनुसार, उड़ान सामान्य रूप से चल रही थी और अधिकांश यात्री आराम कर रहे थे। तभी अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही सेकंड में विमान के अंदर ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए और विमान तेजी से कम ऊंचाई की ओर उतरने लगा। इससे यात्रियों को समझ आ गया कि केबिन का दबाव प्रभावित हुआ है। एक महिला यात्री ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि सभी लोग घबरा गए। विमान के अंदर चीख-पुकार मच गई और कई यात्रियों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

यात्रियों की सतर्कता से बची जान
खिड़की के पास बैठे बुजुर्ग यात्री पर सबसे ज्यादा असर पड़ा। केबिन प्रेशर कम होने के कारण उनका सिर और ऊपरी शरीर बाहर की दिशा में खिंचने लगा। पास बैठे यात्रियों ने बिना देर किए उन्हें मजबूती से पकड़ लिया और वापस सीट की ओर खींच लिया। उनकी इसी फुर्ती ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by PLUG TV KENYA (@plugtvkenya)

गर्दन और कंधे में आई चोट
घटना के बाद घायल यात्री को गर्दन और कंधे में चोट लगी। तेज हवा और रगड़ के कारण उनके शरीर पर हल्की त्वचा संबंधी चोटें भी आईं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता दी गई और अस्पताल में उनका इलाज कराया गया।

सुरक्षा के लिए वापस लौटाया गया विमान
एयरलाइन ने बताया कि उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस थेसालोनिकी हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। विमान सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतरा और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया।

इंजन की तकनीकी खराबी की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान के दाहिने इंजन में तकनीकी गड़बड़ी और केबिन प्रेशर में कमी आने की सूचना मिली थी। इसी वजह से पायलट ने एहतियात के तौर पर उड़ान को बीच रास्ते से वापस लौटाने का फैसला लिया। इस घटना की जानकारी अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) को भी दी गई है। एजेंसी ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर वह जांच में सहयोग करेगी। वहीं, मामले की मुख्य जांच संबंधित विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।

189 यात्रियों की क्षमता वाला था विमान
जिस विमान में यह घटना हुई, वह बोइंग 737-800 मॉडल का था। इस विमान में अधिकतम 189 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है और इसका उपयोग यूरोप की कई एयरलाइंस घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए करती हैं। हालांकि इस घटना में किसी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर उड़ान सुरक्षा और विमान के तकनीकी रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News