ब्रिटेन-रूस जंग में कूदा भारत, मोदी और पुतिन की फोन वार्ता चर्चा में

Friday, Apr 13, 2018 - 12:54 PM (IST)

लंदन : रूस और ब्रिटेन के मध्य पूर्व जासूस डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपाल और उसकी बेटी यूलिया पर रासायनिक हमले को लेकर चल रही जंग के बीच अब भारत भी कूद गया है। इस मामले में हस्तेक्षप करते हुए भारत ने अपनी मंशा जाहिर करते कहा कि वह रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के खिलाफ है। 

भारत ने कहा कि इस मसले का समाधान रासायनिक हथियार संधि के प्रावधानों के अनुरूप किया जाना चाहिए। सूत्रों के अनुसार ब्रिटेन मुद्दे को लंदन में अगले हफ्ते होने वाली राष्ट्रमंडल प्रमुखों की बैठक में उठाएगा। खबर है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टेलीफोन पर लंबी बातचीत की है। दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों पर चर्चा की और अंतर्ऱाष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने 11 अप्रैल को टेलीफोन पर बातचीत की। विदेश मंत्रालय ने बातचीत का ब्योरा देने से इंकार कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व रूसी राजनयिक को ब्रिटेन में जहर दिए जाने के बाद से पश्चिमी देशों और रूस के बीच विवाद चरम पर है। पश्चिमी देशों के साथ रूस के गहराते विवाद के बीच मोदी और पुतिन की बातचीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 
 

Tanuja

Advertising