जेल में भावुक हुई रूबी राय, कबूली सबसे बड़ी सच्चाई

Monday, Jun 27, 2016 - 09:10 PM (IST)

पटना: बिहार के चर्चित इंटर मेरिट टॉपर्स घोटाले में कला संकाय की फर्जी टॉपर रूबी राय ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभी तक की जांच में जो सच्चाई सामने नहीं आई थी, उसे रूबी राय ने जेल में जाते ही कबूल कर लिया। एसआईटी से पूछताछ में रूबी ने कबूल किया कि उसने अपनी उत्तर पुस्तिका ही नहीं लिखी थी। 

रूबी का जवाब सुनकर जांच टीम के सदस्य भी हैरान हो गए। उसने यह भी कहा की वह सेकेंड डिवीजऩ में पास होना चाहती थी मगर उसके चाचा बच्चा राय जो बिशुनराय कॉलेज के प्राचार्य है उन्होंने टॉप करा दिया। बच्चा राय रूबी के पापा के ख़ास दोस्त हैं। गौरतलब है कि विशेषज्ञों की टीम ने रूबी राय का साक्षात्कार लिया, जिसमें रूबी असफल साबित हुई थी। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया था।

अदालत ने रूबी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया। पूर्व बोर्ड अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद के निजी सचिव विकास चंद्रा को भी रविवार को जेल भेजा गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि रूबी साक्षात्कार में पूरी तरह असफल साबित हुई। 12वीं का उसका परिणाम रद्द कर दिया गया है।

Advertising