योगी आदित्यनाथ के चुनाव में RSS का नहीं कोई हस्तक्षेप : नायडू

Monday, Mar 20, 2017 - 03:35 PM (IST)

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के केन्द्रीय पर्यवेक्षक एम वेंकैया नायडू ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए योगी आदित्यनाथ के चुनाव में कोई हस्तक्षेप नहीं किया था। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर कट्टर हिंदुत्ववादी चेहरा पेश करने के लिए चौतरफा हो रही पार्टी की आलोचनाओं के बीच नायडू ने कहा कि विधायकों ने नेता को चुना है और यही पार्टी की प्रणाली है। उन्होंने विपक्ष से ‘‘पराजय को विनम्रता के साथ ’’ स्वीकार करने, जनादेश को स्वीकार करने और नए मुख्यमंत्री को ‘‘उचित अवसर’’ देने के लिए कहा। नायडू ने कहा कि विधायक पार्टी संसदीय बोर्ड के तहत नेता को चुनते हैं। भाजपा में यही तरीका है।

आरएसएस कभी हस्तक्षेप नहीं करता और किसी नाम का सुझाव नहीं रखता है। नायडू ने कहा कि मैंने विधायकों के साथ बैठक की और उस बैठक में सुरेश खन्ना ने योगी आदित्यनाथ के नाम का प्रस्ताव रखा तथा 9 अन्य ने उनका समर्थन किया। सभी विधायक खड़े हो गए और सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमत हो गए तो यह विधायकों का निर्णय है जिसे केन्द्रीय नेतृत्व ने मंजूरी दी थी। नायडू का यह बयान विपक्षी पार्टियों के उन आरोपों के बाद आया है कि भाजपा 2019 के चुनाव विकास के नाम पर नहीं बल्कि मतदाताओं का ध्रुवीकरण करके लडऩा चाहती है। 

Advertising