विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर की बढ़ी मुश्किलें, MeToo के समर्थन में आया RSS

Friday, Oct 12, 2018 - 12:00 PM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स) : मी टू अभियान पर अब तक राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है, लेकिन अब आरएसएस भी इस अभियान के समर्थन में दिखने लगा है। संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने मी टू पर फेसबुक के आधिकारिक पोस्ट को लाइक किया और ट्वीटर पर उनके पोस्ट में ट्वीट किया कि मैंने इसे लाइक किया, उन्होंने वही लिखा है जो मैं महसूस कर रहा था। 


उल्लेखनीय है कि मी टू अभियान में फेसबुक की पब्लिक पॉलिसी निदेशक आंखी दास ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि जिन महिला पत्रकारों ने अपने उत्पीडऩ के बारे में बताया था, उनके समर्थन के लिए ‘मी टू’ की जरूरत नहीं है। आपको महिला होने की भी जरूरत नहीं है। आपको महज इतना संवेदनशील होने की जरूरत है कि क्या सही है और क्या गलत है। सह सरकार्यवाह ने आंखी दास के पोस्ट को अपने ट्वीटर खाते पर शेयर करते हुए अभियान पर विचार व्यक्त किए। उनके इस पोस्ट के बाद भाजपा में विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर के लिए पद पर बने रहने की संभावना अब लगभग न बराबर ही नजर आ रही है। फिलहाल भाजपा की ओर से अब तक अकबर को लेकर कोई बयान नहीं सामने आया है। 


मी टू अभियान गलत परंपरा: उदित राज
भाजपा के सांसद उदित राज ने मी टू अभियान को खराब प्रथा बताने के दो दिन बाद एक बार फिर से इस अभियान की विश्वसनियता पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से इस अभियान में शामिल कुछ महिलाओं को लेकर संशय भी जताया है। उन्होंने कहा कि क्या होगा यदि झूठी शिकायत से किसी की प्रतिष्ठा धूमिल हो गई। उन्होंने अपने ट्वीट में पूछा कि क्या होगा यदि पुरुष पर महिला के कथित यौन उत्पीडऩ की शिकायत झूठी साबित हो और इसके कारण (आरोपों की वजह से) उस व्यक्ति की प्रतिष्ठा धूमिल हो जाए।

vasudha

Advertising