चेन्नई में अचानक धंसी सड़क और 10 फीट गहरे सिंकहोल में समाई कार: बाल-बाल बचे कार सवार
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 03:47 AM (IST)
चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में टाइडेल पार्क के पास राजीव गांधी सलाई (OMR) पर गुरुवार सुबह अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क के अचानक धंसने से लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा (सिंकहोल) बन गया, जिसमें उस वक्त वहां से गुजर रही एक कार पलटकर सीधे नीचे जा गिरी।
कार सवार सुरक्षित, क्रेन की मदद से निकाली गई गाड़ी
हादसे के वक्त कार के अंदर एक पुरुष और एक महिला मौजूद थे। 10 फीट गहरे गड्ढे में कार के गिरने और पलटने के बावजूद दोनों यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों और चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (CMRL) के अनुसार कार चालक और यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद क्रेन की मदद से गाड़ी को सिंकहोल से बाहर निकाल लिया गया है।
इलाके में लगा भारी ट्रैफिक जाम, कंक्रीट से भरा जा रहा गड्ढा
अचानक हुई इस घटना से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। घटना के बाद सीएमआरएल (CMRL) ने बयान जारी कर बताया कि गड्ढे को कंक्रीट से भरने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और पूरे इलाके को सुरक्षित करने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। इसके साथ ही इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है।
मई 2025 में भी घटी थी ऐसी ही घटना
गौरतलब है कि इससे पहले मई 2025 में भी ओएमआर पर तिरुवनमियूर जंक्शन के पास पुरानी सीवेज पाइपलाइन फटने की वजह से सड़क धंस गई थी। उस दौरान 6 फीट गहरे गड्ढे में कार गिर जाने से 5 लोग घायल हो गए थे।
