जनरक्षा यात्राः केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजु बोले- सीपीएम राजनीतिक हिंसा में लिप्त

Monday, Oct 09, 2017 - 05:25 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजु ने सोमवार को कहा कि वाम पार्टी जिस तरह की राजनीतिक हिंसा में कथित तौर पर लिप्त है उसे लोकतंत्र में ‘किसी भी तरह बर्दाश्त’ नहीं किया जा सकता। उन्होंने माकपा पर राष्ट्र विरोधी विचारों को शरण देने का आरोप लगाया।

रिजिजु केरल में ‘वाम दलों के अत्याचारों’ को उजागर करने के लिए जारी अभियान जन रक्षा यात्रा के दौरान दिल्ली में बोल रहे थे। इसमें केंद्रीय मंत्री वीके सिंह भी शामिल हुए।

अपने संबोधन में सिंह ने वाम दलों की कथित ‘हत्या की राजनीति’ के बारे में लोगों को जागरूक बनाने की जरूरत पर जोर दिया।  सिंह ने आरोप लगाया, ‘केरल में वाम दलों द्वारा की जा रही राजनीतिक हत्याओं का एक ही जवाब है, वह है लोगों को जागरूक बनाना। वाम दल इन हत्याओं को अंजाम देकर लोगों को डराना धमकाना चाहते हैं लेकिन इन तिकड़मों से हम नहीं डरने वाले।’  

रिजिजु ने दावा किया कि केंद्र में यदि कांग्रेस की सरकार होती तो वह केरल में राष्ट्रपति शासन लगा चुकी होती लेकिन भाजपा वाम दलों से ‘लोकतांत्रिक संसाधनों’ के जरिए लड़ रही है। 
 

Advertising